VIDEO: अजिंक्य रहाणे ने इस अंदाज में दी अफगान टीम को 'ईदी', हर कोई कर रहा है सलाम

नई दिल्ली: टी-20 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित करने वाली अफगानिस्तान की टीमखेल के सबसे लंबे प्रारूप- टेस्ट मैच में दो दिन से ज्यादा नहीं खेल पाई. उसे अपने पदार्पण टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को विश्व की नंबर-1 टीम भारत के हाथों पारी और 262 रनों के विशाल अंतर से हार का सामना करना पड़ा. भले ही अफगानिस्तान को भारत ने करारी मात दी हो, लेकिन मैच जीतने के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने खास अंदाज में अफगानिस्तान की टीम को 'ईदी' दी है. मैच के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अफगानिस्तान टीम के साथ जो किया उसे देखकर हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है और सलाम कर रहा है.

दरअसल, अजिंक्य रहाणे ने मैच के बाद पूरी अफगानिस्तान टीम को फोटो के लिए बुलाया और विरोधी कप्तान असगर स्टेनिकजाई को विजेता की ट्रॉफी थामने की भी पेशकश की. बता दें कि अफगानिस्तान में कल (15 जून) ईद सेलिब्रेट हुई है. ऐसे में सोशल मीडिया पर हर कोई यही कह रहा है कि अजिंक्य रहाणे की तरफ अफगानिस्तान टीम को यह ईद का तोहफा है.

मैच के बाद अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘‘टेस्ट क्रिकेट रवैये और सब्र का इम्तिहान है. यदि इनके दो-तीन खिलाड़ी लंबे समय तक टिक गए तो किसी भी टेस्ट टीम को हरा सकते हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हार और जीत खेल का हिस्सा है. आपका रवैया हमेशा जीत का होना चाहिए, लेकिन मैदान पर आप एक दूसरे का सम्मान करना भी सीखते हैं. मैंने अफगानिस्तान के खिलाफ खेलकर बहुत कुछ सीखा.’’

बीसीसीआई ने अजिंक्य रहाणे की इस खूबसूरत पहल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इस वीडियो को लोग बेहद पसंद कर रहे हैं.




















BCCI @BCCI














बता दें कि अफगानिस्तान ने अपनी दोनों पारियां क्रमश: दिन के दूसरे और आखिरी सत्र में खेलीं. भारतीय गेंदबाजों ने उसे तीसरे दिन तक जाने नहीं दिया और टेस्ट इतिहास में पहली बार दो दिन में जीत हासिल की. मैच के दूसरे दिन कुल 24 विकेट गिरे जिसमें 20 विकेट अफगानिस्तान के थे तो वहीं चार विकेट भारत के. भारत में खेले गए किसी भी टेस्ट में एक दिन में इससे ज्यादा विकेट कभी नहीं गिरे. इससे पहले 2015 में भारत और आस्ट्रेलिया के बीच हुए टेस्ट मैच में एक दिन में 19 विकेट गिरे थे.

भारत ने पहली पारी में शिखर धवन (107), मुरली विजय (105), हार्दिक पांड्या (71) और लोकेश राहुल (54) की बेहतरीन पारियों के दम पर 474 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. अफगानिस्तान को दूसरे दिन के दूसरे सत्र में अपनी पहली पारी खेलने का मौका मिला, जिसमें वह 27.5 ओवरों में महज 109 रनों पर ढेर हो गई और इसी के साथ चायकाल की घोषणा भी कर दी गई. भारत ने पहली पारी के आधार पर 365 रनों की बढ़त ले ली थी और मेहमान टीम को फॉलोऑन के लिए आमंत्रित किया.

फॉलोऑन के साथ दूसरी पारी खेलने उतरी अफगानिस्तान के बल्लेबाज एक बार फिर टेस्ट की परीक्षा में फेल रहे और भारत के गेंदबाजों के सामने 38.4 ओवरों में 103 रनों पर ही ढेर हो गए और इस तरह अफगानिस्तान को अपने पदार्पण टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा.

Comments