LIVE : वाराणसी को 2500 करोड़ रुपये का तोहफा देने पहुंचे पीएम मोदी

वाराणसी/नई दिल्‍ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी को दौरा करने पहुंच गए हैं. यह वाराणसी का उनका 15वांं दौरा है. वह यहां करीब 2500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे. पीएम मोदी सबसे पहले रामनगर बंदरगाह पहुंचे हैं. यहां वह हल्दिया जलमार्ग का उद्घाटन करेंगे. साथ ही वह गंगा की सफाई से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा वह यहां करीब 10 किमी लंबा रोड शो भी करेंगे. पीएम केे साथ मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ भी मौजूद हैं.
फोटो ANI




बता दें कि राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत भी अपने छह दिनी प्रवास के लिए वाराणसी में हैं. ऐसे में पीएम मोदी और भागवत की मुलाकात होने की भी संभावनाएं देखी जा रही हैं.

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) के अधिकारी ने बताया कि पीएम की ओर से शिलान्‍यास और लो‍कार्पण होने वाली परियोजनाओं में 254 करोड़ रुपये की लागत से चौकाघाट में 140 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के अलावा फुलवरिया में (7.6 एमएलडी) और सरैया में 34 करोड़ रुपये की लागत से (3.7 एमएलडी) क्षमता वाले पंपिंग स्टेशन शामिल हैं.

पीएम मोदी वाराणसी को तीन बड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिनमें वाराणसी रिंग रोड फेज वन, बाबतपुर वाराणसी मार्ग एनएच 56 का फोर लेन चौड़ीकरण एवं निर्माण और रामनगर में बन रहे आरडब्ल्यूडी मल्टी मॉडल टर्मिनल के अलावा 260 एमएलडी के दो सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी लोकार्पण करेंगे.

इसके अलावा प्रधानमंत्री कई बड़ी परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे. माना जा रहा है कि दीपावली के बाद प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र को अब तक का सबसे बड़ा गिफ्ट देंगे. इसे लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं. प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो बार वाराणसी का दौरा कर चुके हैं.

प्रधानमंत्री 12 नवंबर को वाराणसी में दस बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और करीब 7 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. जल मार्ग विकास परियोजना के तहत हल्दिया वाराणसी और कोलकाता को जल रास्ते से जोड़ने के लिए फेज वन का कार्य पूरा हो चुका है जिसे प्रधानमंत्री हरी झंडी दिखाकर परियोजना की शुरुआत करेंगे. यह मल्टीमॉडल टर्मिनल देश का पहला नदी पर बनने वाला टर्मिनल होगा जो 33 हेक्टर में करीब 206.84 करोड़ों रुपए की लागत से बन रहा है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के तेवर ग्रामीण पेयजल योजना का लोकार्पण करेंगे. वह कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय देवपुर में बने 100 बेड वाले बालिका छात्रावास के निर्माण कार्य एवं दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में जीविका चलाने वाले लोगों को घर प्रदान करने के लिए वाराणसी में 50 व्यक्तियों की क्षमता के आश्रम गिरी के निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान हुई जिसका निर्माण कार्य परमानंदपुर में करवाया गया निर्माण कार्य पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब तबके के लोगों को यह घर उपलब्ध कराएंगे.

Comments