INDvsAUS: अब चोपड़ा ने की ‘आकाशवाणी’, टीम इंडिया ही जीतेगी ICC वनडे वर्ल्ड कप

मुंबई: टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने शनिवार को यहां कहा कि दो बार की चैम्पियन टीम इंडिया अगले साल इंग्लैंड में होने वाले आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कपका खिताब जीतने की प्रबल दावेदार होगी. दिल्ली के इस पूर्व खिलाड़ी को लगता है कि अंबाती रायुडू ने चौथे क्रम पर टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए वह सब कुछ किया है जो कर सकते थे.

चोपड़ा ने यहां एक मॉल में आईसीसी वर्ल्ड कप ट्राफी टूर के तहत आयोजित कार्यक्रम में कहा, ‘‘हां, अभी वर्ल्ड कप में थोड़ा समय है लेकिन इस समय मुझे लगता है कि भारतीय टीम इस खिताब को उठाएगी. उनके पास वह सबकुछ है जो ट्राफी जीतने के लिए चाहिए.’’

दावेदार होने की ये हैं कारण
भारत के लिए 10 टेस्ट मैच खेलने वाले इस बल्लेबाज ने कहा, ‘‘ इस टीम में काफी कुछ है जो इसे दावेदार बनाता है. टीम की गेंदबाजी शानदार है और कुछ बेहतरीन बल्लेबाज है. तो कई चीजें भारत के पक्ष में है और उम्मीद है कि इंग्लैंड की सरजमीं टीम के लिए अच्छी साबित होगी जैसा पिछली दो चौम्पियन ट्राफी में हुआ. एक बार हम विजेता हुए और एक बार उपविजेता. उम्मीद है कि 2019 में ही हम ट्राफी उठाएंगे.’’
Aakash Chopra with ICC World Cup Trophy

रायडू ने किया खुद को साबित
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरूआत पांच जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साउथम्पटन में करेगी. तैंतीस साल के रायुडू के द्वारा चौथा स्थान पर अपना दावा लगभग पक्का करने पर चोपड़ा ने कहा, ‘‘ हमने इस स्थान पर लगभग 12 बल्लेबाजों को आजमाया लेकिन लगता है कि रायुडू ने इस जगह को पक्का कर लिया है. मेरे विचार से वह इंग्लैंड में चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करेंगे.’’

गेंदबाजों के आराम करने पर यह बोले आकाश
चोपड़ा ने कहा कि कप्तान विराट कोहली की आईपीएल के दौरान गेंदबाजों को विश्राम देने की मांग पर बीसीसीआई को विचार करना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘‘ विराट ने पहले ही मांग की है कि आईपीएल के दौरान मुख्य गेंदबाजों को विश्राम दिया जाना चाहिये और बीसीसीआई को इस पर फैसला करना है. यह सिर्फ गेंदबाजों पर लागू नहीं होता, यह बल्लेबाजों पर भी लागू होता है. वर्ल्ड कप से पहले खिलाड़ियों को अपने कार्य प्रबंधन पर ध्यान देना होगा.’’

भारत का अभियान 5 जून से होगा शुरू
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप इंग्लैंड में पांचवी बार खेला जाएगा. 30 मई से 14 जुलाई के बीच खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में पहला मुकाबला 30 मई को इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा. इस साल 10 टीमें हिस्सा लेंगी. भारत अपने अभियान की शुरुआत 5 जून से करेगा. उसका पहला मुकाबला अफ्रीका के साथ साउथंप्टन के हैंपशायर में होगा.

इन टीमों से होंगे यहां भारत के मैच
1983 और 2011 की चैंपियन टीम इंडिया 2019 वर्ल्डकप में पांच जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी और अपने नौ राउंड रॉबिन लीग मैचों को छह अलग-अलग स्थलों पर खेलेगी. भारतीय टीम साउथेम्प्टन (दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान), बर्मिंघम (इंग्लैंड और बांग्लादेश) और मैनचेस्टर (पाकिस्तान और वेस्टइंडीज) में दो-दो मैच जबकि ओवल (ऑस्ट्रेलिया), नॉटिंघम (न्यूजीलैंड) और लीड्स (श्रीलंका) में एक-एक मैच खेलेगी.

World Cup Schedule

16 जून को होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला
चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच 16 जून को मैनचेस्टर में मुकाबला खेला जाएगा. आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी-2017 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ शिकस्त झेलने के 2 साल बाद भारत के पास पाकिस्तान से बदला लेने का मौका होगा. साल 2015 की सेमीफाइनलिस्ट टीम इंडिया इस बार विराट कोहली ने अगुवाई में वर्ल्ड कप खेलेगी.

Comments